उत्तराखंड में आज औली, बदरीनाथ, यमुनोत्री समेत ऊंचे इलाकों में बर्फबारी हुई। पहाड़ों में बर्फबारी का सिलसिला जारी है, वहीं मैदानी क्षेत्रों में बारिश हो रही है। मौसम के अचानक बदलने से एक बार फिर ठंड का असर महसूस होने लगा। विशेष रूप से पहाड़ी इलाकों में कड़ी सर्दी ने ठंडक बढ़ा दी है।
मौसम विभाग ने उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई थी। वहीं, देहरादून, हरिद्वार और नैनीताल जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया था। आने वाले दिनों के लिए मौसम खराब रहने का अनुमान है, और 17 मार्च तक स्थिति में कोई खास बदलाव नहीं होने की उम्मीद है। यमुनोत्री धाम समेत आसपास के क्षेत्रों में मध्य रात्रि से बर्फबारी हो रही है, जबकि निचले इलाकों में रुक-रुक कर बारिश जारी है। बर्फबारी और बारिश की वजह से ठंड में बढ़ोतरी हो रही है। हालांकि, यमुनोत्री हाईवे पर अब तक यातायात सुचारू रूप से चल रहा है।
यह भी पढ़ें: होली के रंगों के साथ, संगीत की दुनिया में एक नया और आकर्षक गाना “गुलाल”
बर्फबारी के कारण पहाड़ी इलाकों में सर्दी वापिस लौट आई है। पिछले कुछ दिनों से मैदानी क्षेत्रों में तेज धूप के कारण दिन के अधिकतम तापमान में सामान्य से तीन से चार डिग्री की बढ़ोतरी देखी जा रही थी। रात का न्यूनतम तापमान भी चार डिग्री बढ़कर 16.1 डिग्री दर्ज हुआ था। यह स्थिति राज्य के सभी जिलों में समान रही। मौसम विज्ञान केंद्र के द्वारा जारी किए गए पूर्वानुमान के मुताबिक, 17 मार्च तक प्रदेशभर में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। औली में बर्फबारी के चलते सड़कें बर्फ से ढकी हुई हैं, जिससे वाहनों को निकलने में कठिनाई हो रही है।