बॉलीवुड के जाने माने अभिनेता ऋषि कपूर (Rishi Kapoor) गुरुवार को इस दुनिया को छोड़कर चले गए। उनके इस तरह अचानक चले जाने से उनके परिवार को बड़ा झटका लगा है। अब रविवार को ऋषि कपूर की प्रेयर मीट रखी गई। प्रेयर मीट से नीतू कपूर (Neetu Kapoor) और बेटे रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) की फोटो सामने आई है। दोनों ऋषि कपूर की फोटो के पास बैठे हैं। रणबीर ने इस दौरान सिर पर पगड़ी बांधी हुई है। इसके साथ ही दोनों ने व्हाइट कपड़े पहने हुए हैं। ये फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
आपको बता दें कि बीती रात ही ऋषि कपूर की बेटी रिद्धिमा कपूर मुंबई पहुंची हैं। 30 अप्रैल को पिता के निधन की खबर सुनकर ही वह दिल्ली से मुंबई के लिए बाय रोड़ रवाना हो गई थीं, जिसके बाद वह 2 मई की रात घर पहुंचीं। दोनों के घर पहुंचने की फोटोज सामने आई है। रिद्धिमा और उनकी बेटी ने चेहरे पर मास्क लगाया हुआ था।
रिद्धिमा ने पिता के साथ अपनी फोटो शेयर कर लिखा था, ‘पापा मैं आपसे बहुत प्यार करती हूं और हमेशा करती रहूंगी। मैं आपको हर रोज मिस करूंगी। आपके फेस टाइम कॉल्स मिस करूंगी। काश मैं आपको अलविदा कहने के लिए वहां मौजूद होती। आपसे दोबारा मिलूंगी पापा।’
ऋषि कपूर लंबे समय से कैंसर का इलाज करा रहे थे। न्यूयॉर्क से इलाज कराने के बाद वो मुंबई लौट आए थे। उनकी तबीयत में सुधार था। यही वजह थी कि उन्होंने कई फिल्मों की स्क्रिप्ट पर चर्चा भी की थी। अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद ऋषि कपूर का 67 साल की उम्र में निधन हो गया। अमिताभ बच्चन से लेकर शाहरुख खान सहित बॉलीवुड के सभी सितारों ने उनके निधन पर दुख जताया।