गढ़वाली संगीत में नया रंग भरता “गिंज्याळी सी” — सुंदरता और सराहना का अनोखा संगम

0
157

देहरादून: गढ़वाली लोकसंगीत को एक नई पहचान देने की दिशा में एक और शानदार प्रयास सामने आया है। हाल ही में रिलीज़ हुआ गीत “गिंज्याळी सी” अपने अनूठे कॉन्सेप्ट और सधे हुए संगीत के चलते श्रोताओं के दिलों में जगह बनाता जा रहा है। यह गीत गढ़वाली बोली में रचा गया है और इसमें पहाड़ की सुंदरता, पहाड़ी लड़कियों की खूबसूरती का अद्भुत समन्वय देखने को मिलता है।

गीत को आवाज़ दी है लोकप्रिय गायक अभिनव रावत ने, जबकि बोल लिखे हैं हरदेव नेगी द्वारा। गीत का संगीत संयोजन किया है अश्वजीत सिंह और गुंजन डंगवाल की जोड़ी ने। वहीं “गिंज्याळी सी” की वीडियो निर्देशन अब्बू रावत ने किया है, जो उत्तराखंड के युवा फिल्मकारों में तेजी से उभरते नाम हैं। वीडियो में राहुल शर्मा और मेघा कौक्शाल मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं, जिनकी जोड़ी और अभिनय ने गीत की भावनात्मक गहराई को बखूबी उभारा है।

खूबसूरती की अभिव्यक्ति, गीत के हर पंक्ति में

“गिंज्याळी सी” एक युवक की नजरों से उस स्त्री सौंदर्य को बयान करता है, जो मन को मोह लेता है। गीत की पंक्तियाँ नायिका की सुंदरता की प्रशंसा में इस कदर डूबी हैं कि श्रोता भावनाओं से जुड़ जाता है। गीत में एक स्थान पर युवक कहता है—
“गिंज्याळी सी मुठ हाय तेरी कमर त्वेते देखि देखि थकी गे उमर.”
(तेरी कमर गिंज्याळी सी पतली है और उम्र गुजर गई उसे निहारते-निहारते।)

गीत में कई ऐसी पंक्तियाँ हैं जो दर्शाती हैं कि गढ़वाली सौंदर्य किस तरह से शब्दों के माध्यम से जीवंत किया जा सकता है। यह गीत सिर्फ प्रशंसा नहीं, बल्कि सौंदर्य को समझने और उसे मन से स्वीकारने की अभिव्यक्ति है।

लोकसंगीत का नया युग

“गिंज्याळी सी” का फिल्मांकन पारंपरिक गढ़वाली शैली को आधुनिक तकनीक और दृश्य सौंदर्य के साथ जोड़ता है। गीत में पहाड़ की वादियों, पारंपरिक वेशभूषा और सांस्कृतिक तत्वों का समावेश बड़ी खूबसूरती से किया गया है।

संगीत प्रेमियों में उत्साह

गीत को यूट्यूब और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। खास तौर पर युवाओं के बीच यह गीत तेजी से लोकप्रिय हो रहा है और सोशल मीडिया पर इसके वीडियो क्लिप्स और लाइन्स वायरल हो रहे हैं।


गीत का विवरण:

  • गीत का नाम: गिंज्याळी सी

  • गायक: अभिनव रावत

  • गीतकार: हरदेव नेगी

  • संगीतकार: अश्वजीत सिंह और गुंजन डंगवाल

  • वीडियो निर्देशक: अब्बू रावत

  • मुख्य कलाकार: राहुल शर्मा और मेघा कौक्शाल

  • बैनर: PR Films Production